जौनपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र के मुफ्तीमोहल्ला और बदलापुर थाना क्षेत्र के बेलावा गांव में मंगलवार की रात घर वालों से विवाद के बाद दो युवकों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जानकारी होने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मुफ्ती मुहल्ला निवासी जमील (30) ने मकान की छत पर लगे बांस के सहारे रस्सी के फंदे से फांसी लगाकर जान दे दी। सुबह परिवार के लोगों ने फंदे पर लटक रहे जमील के देख शोर मचाया तो भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर कब्जे में लिया। नगर कोतवाल पवन कुमार उपाध्याय ने बताया कि मृतक नशे का आदी था। इस बात पर अक्सर उसका घर वालों से विवाद होता था। उसकी शादी नहीं हुई थी। पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बदलापुर थाना क्षेत्र के बेलावां गांव निवासी लक्ष्मी शंकर चौहान का बेटा महेश चौहान (27) ने निर्माणाधीन मकान में लगे छड़ के सहारे साड़ी के फंदे पर झूल गया। सुबह उसका शव फंदे पर झूलता देख लक्ष्मी शंकर ने पुलिस को सूचना दी। पता चला कि महेश मंगलवार की रात को शराब पीकर घर आया तो पिता ने उसे डांटा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वह दो बच्चों का पिता था।