जिले के दो अलग-अलग स्थानों पर शनिवार की सुबह ट्रेन से कटकर एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई। इसकी जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटनाएं मुंगराबादशाहपुर और जलालपुर थाना क्षेत्रों में हुईं।
पहली घटना वाराणसी-लखनऊ रेल प्रखंड पर गौरैयाडीह गांव के पास हुई। जहां ट्रेन से कटकर एक युवक की सौत हो गई। पुलिस के अनुसार, गौरैयाडीह गांव निवासी रंजीत यादव (35) अपने घर पर ही आरओ मशीन लगाई थी। वह पानी की सप्लाई दुकानों पर करता था। शनिवार की सुबह करीब 11 बजे उसका शव गांव के ही रेलवे ट्रैक पर मिला। परिवार के लोग भी मौके पर पहुंचे। आसपास के लोगों ने आशंका जताई कि रंजीत पटरी पार कर रहा था इसी दौरान रायबरेली से जौनपुर की और जा रही इंटरसिटी ट्रेन की चपेट में आ गया जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विवेक तिवारी घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की तहकीकात की। पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दूसरी घटना जलालपुर थाना क्षेत्र के जफराबाद-वाराणसी रेल रूट पर शनिवार की सुबह कोड़री रेलवे फाटक के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई। रेलवे गेटमैन ने सूचना स्थानीय थाने पर व जीआरपी को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की पहचान पूनम यादव पत्नी स्व. प्रवेश यादव निवासी महिमापुर (खलिप्ता) के रूप में हुई। बताया गया कि वह लकड़ी बीनने गई थी इसी दौरान घटना हुई। चार वर्ष पहले पूनम के पति प्रवेश यादव की मौत हो गई थी। जिसके बाद बच्चों के पालन पोषण का भार पूनम के ऊपर था। ससुर भृगु नाथ यादव रोजी रोटी के सिलसिले में मुंबई रहते हैं। पूनम अपने घर पर अकेले रह कर तीन बच्चों और अपनी बूढ़ी सास का देखभाल कर रही थी।