खेतासराय। नगर के डाकघर वार्ड में शव दफनाने को लेकर दो पक्षों के लोग आमने-सामने हो गए। सूचना पर स्थानीय थाना समेत शाहगंज सर्किल के सभी थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। काफी समझाने के बाद परिजन अन्यत्र शव का अंतिम संस्कार करने पर राजी हुए।डाकघर मोहल्ला निवासी जियालाल गौतम (85) की रविवार की रात बीमारी से मौत हो गई। सोमवार की सुबह मृतक के परिजन शव दफनाने के लिए सुबह कब्र के लिए गड्ढा खोदने लगे। दूसरे पक्ष के रामअकबाल यादव ने मौके पर पहुंचकर भूमि को अपना बततो हुए शव दफनाने का विरोध करने लगे। इस पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में सीओ अंकित कुमार समेत सर्किल के सभी थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को समझाया-बुझाकर शांत कराया। बाद में परिजन अन्यत्र शव के अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव का कहना है कि समझा बुझाकर मृतक का शव अन्यत्र दफन करवा दिया गया है। विवादित भूमि का निर्णय राजस्व टीम से पैमाइश कराने के बाद हल करा दिया जाएगा।