जौनपुर। लाइन बाजार कोतवाली क्षेत्र के शिवापार गांव के पास सोमवार की रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो राजगीर मिस्त्री की मौत हो गई। दोनों एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मंगलवार को दिन में दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। उधर, मौत की सूचना पर परिजन बिलख पड़े।
परिवायावां गांव निवासी लाल बहादुर (42) और दलसिंगार (51) कहीं काम करने के लिए गए थे। देर शाम को काम से खाली होने के बाद दोनों एक ही बाइक से घर लौटने लगे। रास्ते में शिवापार-नेवादा के बीच में वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर किसी वाहन ने टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार, रात का समय होने के कारण कोई देख नहीं सका कि हादसा कैसे हुआ। किसी राहगीर ने इसकी सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी। एंबुलेंस की मदद से उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की सूचना परिवार के लोगों को दी। मंगलवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। लाइनबाजर थाना प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार आर्य ने बताया कि किस वाहन से धक्का लगा यह पता नहीं चल सका। दोनों परियावां गांव के निवासी थे।