मछलीशहर। कोतवाली क्षेत्र के जौनपुर-रायबरेली हाइवे पर मंगलवार की रात अलग-अलग हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। बाइक सवार एक अन्य युवक गंभीर रुप से जख्मी है। बनारस के निजी अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। हादसे का कारण घने कोहरे को बताया जा रहा है।
मछलीशहर के छाछो गांव निवासी गुलाब का पुत्र रत्नेश 23 मंगलवार की रात करीब साढ़े नौ बजे पड़ोस में रहने वाले अपने दोस्त सिद्धांत 22 पुत्र शेखर के साथ घर से पैदल मछलीशहर आया। वहां अपने मित्र मनीष से बाइक लेकर दोनों किसी कार्य से मुंगराबादशाहपुर की तरफ गए। रात करीब ढाई बजे लौटते समय जौनपुर-रायबरेली हाईवे पर जहांसापुर गांव के निकट घने कोहरे के चलते उनकी बाइक हाईवे पर खड़ी एक डीसीएम में घुस गई। दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। उनके सिर में गंभीर चोट आई। सिद्धांत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रत्नेश बुरी तरह जख्मी हुआ। टक्कर की आवाज सुन मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने उसे सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया। मंगलवार की शाम उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। उधर, एक अन्य दुर्घटना में श्रीनेतगंज बाजार के पास एक युवक किसी वाहन की चपेट में आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घंटों तक शव सड़क पर ही पड़ा रहा। वाहन शव को रौंदते रहे। सुबह पुलिस जब मौके पर पहुंची तो शव बु ी तरह क्षत-विक्षत हो चुका था। काफी कोशिशों के बाद भी मृतक की पहचान नहीं हो पाई। एसओ पंकज पांडेय ने बताया कि दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हाईवे पर खड़ी डीसीएम को कब्जे में लिया गया है।