खेतासराय/जफराबाद। पोराई कलां गांव में शनिवार की शाम को हल्की बारिश के बीच बिजली गिरने से अमृत सरोवर की खुदाई कर रहे एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि 12 मजदूर झुलस गए। सभी पीड़ितों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी में भर्ती कराया गया, जहां से चार की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, जलालपुर क्षेत्र के राजेपुर गांव में शाम को बिजली गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। पोराई कलां गांव में अमृत सरोवर की खुदाई का काम चल रहा है। शाम को करीब चार बजे अचानक बूंदाबांदी शुरू हो गई। श्रमिक जब तक भागकर सुरक्षित स्थान पर जाते, तब तक बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में 13 लोग आ गए। सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पोराई खुर्द गांव निवासी दासी (60) पुत्र बालेश्वर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, किरन (52) पत्नी धन्नू बिंद, कन्हैया राजभर (56), अनीता (45) पत्नी लालमन, कमला (42) पत्नी बहादुर, लीलावती (42), रेखा (42), कृपा (50), सुनीता (36), दुर्गावती (38), चंद्रजीत (40), सीता (53), चनरमा (60) को भर्ती कर लिया गया। हालत गंभीर होने पर किरन, सीता, कन्हैया और कमला को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। उधर, घटना की जानकारी मिलते ही रोते-बिलखते परिजन सीएचसी पहुंच गए। प्रभारी निरीक्षक खेतासराय राजेश यादव ने बताया कि बिजली गिरने से एक मजदूर की मौत हुई है और कुछ झुलसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है। शव का पोस्टमार्टम कराकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसी तरह जलालपुर क्षेत्र के राजेपुर गांव में डॉ. रणजीत सरोज ने मकान बनवाने के लिए लल्लापुरा वाराणसी से मिस्त्री और मजदूरों को बुलाया था। देर शाम तेज बरसात के बीच बिजली गिरने से पप्पू चौरसिया (50) पुत्र रामकिसुन चौरसिया निवासी लल्लापुरा छितुपुर उस की मौत हो गई।