मुंगराबादशाहपुर। जौनपुर-प्रयागराज मार्ग पर पंवारा थाना क्षेत्र के उचौरा गांव के पास शुक्रवार को रोडवेज बस और ट्रक में हुई आमने-सामने की टक्कर में दो यात्रियों की मौत हो गई। टक्कर के बाद सवारियों से भरी बस सड़क किनारे छह फीट खाई में चली गई। हादसे में 18 यात्री जख्मी हुए हैं। उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां से प्रारंभिक उपचार के बाद सात घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया दिया।
प्रयागराज के सिविल लाइंस डिपो की बस सवारी लेकर शुक्रवार की दोपहर बाद गोरखपुर जा रही थी। मुंगराबादशाहपुर से आगे बस मछलीशहर की ओर बढ़ी, तभी उचौरा गांव के पास विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही ट्रक से टक्कर हो गई। जोरदार टक्कर से अनियंत्रित हुई बस सड़क किनारे खाई में चली गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। सभी यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया। आजमगढ़ के रानी की सराय निवासी रविकांत यादव (25) और प्रयागराज के म्योराबाद निवासी सच्चिदानंद तिवारी (55) की मौके पर ही मौत हो गई। बस में 40 यात्री सवार थे। इसमें 18 घायलों को मुंगराबादशाहपुर पीएचसी और सतहरिया सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से सात को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य यात्रियों को उनके रिश्तेदार निजी अस्पतालों में ले गए। सूचना पाकर मछलीशहर सीओ विजय सिंह, मुंगराबादशाहपुर, पंवारा थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
हादसे में हुए घायल
जौनपुर के नईगंज के गौरव गुप्ता (30), आजमगढ़ के ठेकमा के वीरेंद्र कुुमार (55), नौपेड़वा जौनपुर की इसराजी देवी (60), राजकिशोर यादव (30), हनुमानगंज प्रयागराज के राकेश कुमार (35), गोसाईगंज (आजमगढ़) की गीता देवी (45), आकांक्षा (19), मुंगराबादहशाहपुर के इटहरा गांव निवासी धर्मेंद्र पटेल (32), अंबेडकरनगर के श्रीकांत रावत (35), नारायणपुर जौनपुर के संदीप तिवारी (16), आशा तिवारी (40), प्रयागराज की शबाना (40), मुबारकपुर के जाहिद (60), प्रयागराज की शिल्पा (22), चिंता दीक्षित (22), गौरयाडीह के बृजकिशोर (25) बस चालक प्रयागराज के राकेश भारती (40), परिचालक आकृति श्रीवास्तव (35) को चोट आईं। आनन-फानन में सभी को मुंगराबादशाहपुर पीएचसी पहुंचाया गया। इसमें से जाहिद, शिल्पा, गौरव, गीता, इसराजी देवी, राकेश और वीरेंद्र को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।