जिले में अलग अलग स्थानों पर मंगलवार को हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि पिता-पुत्र समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, हादसे से नाराज लोगों ने मछलीशहर में चक्का जाम कर विरोध जताया।
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के खतीरपुर भैंसा गांव निवासी शंकर राम (45) सिंचाई विभाग में सींच पर्यवेक्षक के पद पर तैनात थे। वह साइकल से कहीं जा रहे थे। दोपहर में पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पास पहुंचे थे
तभी पिकअप की चपेट में आ गए। उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
सतहरिया ः पंवारा थाना क्षेत्र के खाखोपुर लोहरी का पूरा निवासी रमाशंकर यादव (50) सुुबह साइकल से कहीं जा रहे थे। वह कुंवरपुर तिराहे के पास पहुंचे थे
तभी ट्रक की चपेट में आ गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक सहित चालक फरार हो गया।
मड़ियाहूं ः क्षेत्र के चोरारी गांव निवासी सचिन कुमार (26) पुत्र सांता प्रसाद स्कूटी से कहीं जा रहे थे।
वह नगर के गोलाबाजार के पास पहुंचे थे तभी ट्रैक्टर की चपेट में आकर घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से पीएचसी पहुंचाया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। ट्रैक्टर चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
उधर मछलीशहर के पास हुए हादसे में बोलेरो के धक्के से पिता पुत्र घायल हो गए। सिकरारा थाना क्षेत्र के धरसवां गांव निवासी राजधर (45) अपने पिता श्रीनाथ (65) के साथ बाइक से मछलीशहर जा रहे थे।
पेट्रोलपंप के पास पहुंचे थे तभी बोलेरो की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय सीएचसी के डाक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही गांव के लोग मछलीशहर पहुंच गए। नाराज लोगों ने जौनपुर इलाहाबाद मार्ग जाम कर दिया। पुलिस ने समझाबुझाकर 20 मिनट बाद जाम समाप्त करवा दिया।