मडि़याहूं। कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर गांव में मंगलवार को गुटखा का पैसा मांगने पर दबंगों ने दुकानदार समेत एक अन्य को लाठी डंडे से मारपीट कर घायल कर दिया। घायलों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
रसूलपुर गांव निवासी सुनील गौतम की गांव में ही जनरल स्टोर की दुकान है। मंगलवार की दोपहर महमदपुर पाही गांव निवासी धर्मेंद्र यादव दुकान से गुटखा लिया। आरोप है कि जब सुनील गौतम ने उससे गुटखा का पैसा मांगा तो वह सुनील गौतम की पिटाई कर दी, जिसे देख पान की दुकान पर बैठे कुछ लोगों ने धर्मेंद्र यादव को जमकर पीट दिया। थोड़ी देर बाद धर्मेंद्र आधा दर्जन साथियों के साथ तीन बाइक पर सवार होकर दुकान पर फिर लाठी-डंडा के साथ पहुंचा। इसके बाद दुकानदार सुनील गौतम और वहां बैठे परमात्मा सरोज निवासी रसूलपुर को मारपीट कर घायल कर दिया। ग्रामीणों से घिरता देख पिटाई करने वाले तीनों बाइक छोड़कर भाग गए, जिसके बाद ग्रामीणों ने तीनों को लाठी डंडे से मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। अपराह्न तीन बजे ग्रामीण घायल परमात्मा सरोज और सुनील कुमार के साथ तीनों बाइकों को लेकर कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। कोतवाल अशेषनाथ सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। घटना की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।