सुजानगंज/मुंगराबादशाहपुर। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। सुजानगंज में साइकिल सवार अज्ञात वाहन की चपेटमें आ गया। वहीं मुंगरा में बाइक फिसलने से जख्मी सवार ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
सुजानगंज के सरायपड़री गांव निवासी सभाजीत निषाद (51) शनिवार को साइकिल से पड़री चौराहे की ओर जा रहे थे। घर से करीब तीन सौ मीटर की दूरी किसी वाहन ने साइकिल में टक्कर मार दी। सड़क गिरकर सभाजीत गंभीर रुप से घायल हो गए। सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंच गए। आननफानन घायल सभाजीत को सीएचसी महराजगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजन शव लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार को पुत्र सुरेश ने थाने में अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध तहरीर दी। घटना के पीछे साजिश में कुछ पड़ोसियों के भी शामिल होने की आशंका जताई है। थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उधर, मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कोदहूं गांव निवासी सुभाष चंद्र (40) बाइक से घर लौट रहे थे। गांव के पास ही तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। गंभीर रुप से घायल सुभाष को पीएचसी से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
ईयर फोन लगाकर पार कर था ट्रैक, ट्रेन से कटा
धर्मापुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के बालेमऊ गांव के पास रविवार की शाम ट्रेन से कटकर गांव के ही शुभम यादव (19) पुत्र मुरारी लाल यादव की मौत हो गई। वह अपने खेत से सरसों का बोझ लेकर जौनपुर-औड़िहार रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। कान में ईयर फोन होने से वह गाजीपुर के तरफ से आ रही मालगाड़ी की आवाज नहीं सुन सका। ट्रेन से कटकर उसकी मौत हो गई।