फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना से दो मौत, केराकत की एक फैक्ट्री के 28 कर्मचारी पॉजिटिव

विज्ञापन
विज्ञापन
जौनपुर। कोरोना से मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बृहस्पतिवार को भी दो मरीजों के मौत की पुष्टि हुई। अब जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या 64 हो गई है। वहीं 76 नए पॉजिटिव केस मिले हैं। केराकत की एक फैक्ट्री के 28 कर्मचारी शामिल हैं। बुधवार को भी यहां 14 लोग पॉजिटिव पाए गए थे। नए मरीजों के बाद अब जिले में कुल पॉजिटिव केस की संख्या 4905 हो गई है। इसमें 675 एक्टिव हैं।
विज्ञापन

कोरोना के नए मरीजों की पहचान के लिए जिला अस्पताल सहित सभी ब्लाक स्तरीय सीएचसी-पीएचसी में शिविर लगाकर जांच की गई। बदलापुर यूबीआई शाखा के प्रबंधक दो दिनों से सर्दी-खांसी से पीड़ित थे। सीएचसी पर जांच के दौरान उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसकी खबर लगते ही बैंक कर्मियों और खाताधारकों में हड़कंप मच गया। फील्ड आफिसर संदीप ने बताया कि शाखा शुक्रवार को खुलेगी। मुंगराबादशाहपुर स्थित पीएनबी में शाखा में एक कर्मचारी की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने पर बैंक को बंद कर दिया गया। शाखा प्रबंधक अखिल रंजन ने बताया कि दो दिन के लिए बैंक को बंद कर दिया गया है। बैंक को पूरी तरह से सैनिटाइज कराया जा रहा है। इस संबंध में बैंक गेट पर नोटिस भी चस्पा कर दी गई है। मछलीशहर सीएचसी की टीम ने डॉ. बीएल यादव के नेतृत्व में करियांव दरापुर में कैंप लगाया। इसमें कुल 28 लोगों की जांच रैपिड एंटीजन टेस्ट किट से की। सभी निगेटिव पाए गए। महराजगंज सीएचसी की टीम ने भरथरी गांव में कैंप लगाकर 91 लोगों की जांच की। अधीक्षक डॉ स्वतंत्र कुमार ने बताया कि 75 लोगों की जांच एंटीजन रैपिड किट से, जबकि 16 लोगों का सैंपल लेकर लैब भेजा गया। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के अंतर्गत इटौरी यूनियन बैंक शाखा में दो कर्मचारियों के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद शाखा में हड़कंप मच गया। बैंक को तत्काल बंद कर दिया गया। उधर, केराकत के बरामनपुर रतनूपुर स्थित सीमेंट चादर बनाने वाली फैक्ट्री में बुधवार को 14 कर्मचारियों के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद बृहस्पतिवार को भी सीएचसी की टीम ने कैंप लगाकर जांच की। कुल 235 लोगों ने जांच कराई, जिसमें 28 की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि सभी मरीजों को एल-1 अस्पताल भेजा गया है। फैक्ट्री को बंद कराकर सैनिटाइज कराया जा रहा है। सीएमओ डॉ. राकेश कुमार के मुताबिक बृहस्पतिवार को दो मौत की पुष्टि हुई है। दोनों मरीज लखनऊ में भर्ती थे। उनका ब्योरा मंगाया जा रहा है। डीएम दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को 2312 सैंपल की रिपोर्ट आई, जिसमें 76 पॉजिटिव हैं। पहले से भर्ती 16 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दी गई। विभिन्न क्षेत्रों में कैंप के दौरान 2443 सैंपल भी लिए गए। इसे मिलाकर अब तक 145493 सैंपल लिए जा चुके हैं, जिसमें 144556 की रिपोर्ट आ चुकी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें