जौनपुर। रायबरेली राजमार्ग पर मंगलवार को क्षेत्र बोधापुर गांव निवासी बाइक सवार परमानंद मिश्र (60) व उनकी पोती महक (13) का घर के सामने स्कार्पियो की चपेट में आने से मौत हो गई थी। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव घर लाए गए। इसके बाद वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर दोनों शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। बुधवार को बोधापुर में मृतक के परिजनों को सांत्वना देने पूर्व सांसद धनंजय सिंह भी पहुंचे थे। सिकरारा थाना क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना के बाद मंगलवार की देर रात पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा। शव घर पहुंचते ही लोगों को जमावड़ा हो गया। दादा और पोती का शव देख कर सभी की आंखें नम हो गईं। बुधवार को परिजनों को सांत्वना देने पूर्व सांसद धनंजय सिंह भी पहुंचे। उन्होंने परमानंद के पुत्र कंचन व परिवार के अन्य सदस्यों से मिलकर ढांढस बधाया। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में वे परिवार के साथ खड़े रहेंगे। उधर दुर्घटना में घायल दूसरी पोती परी (8) का वाराणसी ट्राॅमा सेंटर में इलाज चल रहा है। परिजनों के अनुसार उसके स्वास्थ्य में थोड़ा सुधार हुआ है।
बोधापुर में हुई सड़क दुर्घटना में जिस काली स्कॉर्पियो और अज्ञात चालक के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। गाड़ी का नंबर यूपी 32 एमएल 9777 नंबर है। जौनपुर जिले में 9777 सिरीज नंबर की गाड़ियां सिर्फ पूर्व सांसद धनंजय सिंह की या फिर उनके खास करीबियों के पास ही हैं। धनंजय सिंह ने बताया कि गाड़ी उनके परिचित की है। दुर्भाग्यवश गाड़ी से दुर्घटना हो गई। उन्होंने कहा कि मृतक व उनके परिवार भी उनके करीबियों में हैं। दुख की इस घड़ी में वो उनके साथ हर परिस्थिति में खड़े हैं।