जफराबाद/धर्मापुर। ताड़तला मुहल्ले में बुधवार की सुबह चाय पी रहे लोगों को कार से रौंदने वाले चालक को लोगों पकड़कर खूब पीटा। इस तरह से पिटाई की जा रही थी कि यदि थोड़ी देर और कुछ न पहुंचा होता तो उसकी जान भी जा सकती थी। हालांकि दो सिपाहियों और नगर पंचायत के अध्यक्ष पति सरफराज अहमद ने मामले को संभाला। करीब 30 मिनट तक तो दो सिपाही मामले को संभालते नजर आए।
सुबह लगभग 9 बजकर 26 मिनट पर झपकी आने के बाद चालक की तेज रफ्तार कार चार लोगों को रौंदकर रुकी। घटना से वहां मौजूद लोगों का आक्रोश बढ़ गया। कार चला रहे चालक देव आशीष यादव को कार से खींचकर दर्जनों लोग ईंट पत्थर और कार में रखे रॉड से उसे मारने पीटने लगे। उसके सिर में भी चोट आई। स्थानीय लोग उक्त चालक को पारस यादव की दुकान में घुसाकर शटर बंद न करते तो शायद उसकी भी मौके पर ही मौत हो जाती। वहीं पुलिस चौकी के दो हेड कांस्टेबल सुमित सिंह व जितेंद्र सिंह यादव आक्रोशित लोगों को संभालते रहे। दोनों पुलिस कर्मियों को काफी झड़प भी सुननी पड़ी। घटना के बाद चेयरमैन प्रतिनिधि सरफराज ने बीच में पहुंचकर लोगों से कानून को हाथ में न लेने के लिए आग्रह किया तब जाकर लोग शांत हुए।