जौनपुर में मुठभेड़ में घायल गो तस्कर अली हुसैन उर्फ अमन।
- फोटो : अमर उजाला
जौनपुर में मंगलवार की रात अलग-अलग जगह मुठभेड़ हुई। इसमें 25 हजार का इनामी बदमाश और गो तस्कर को गिरफ्तार किया गया। एक बदमाश फरार हो गया। प्रभारी निरीक्षक मुंगराबादशाहपुर संजय वर्मा मंगलवार की रात भ्रमण पर थे। नीभापुर रेलवे क्रासिंग के पास बाइक पर दो लोग आते दिखे। पुलिस को देख बदमाशों ने गोली चला दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अली हुसैन उर्फ अमन (32) निवासी नरगहना, थाना पंवारा घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी। उसके पास से पुलिस ने तमंचा, कारतूस, चोरी की बाइक, मोबाइल और 17 हजार रुपये बरामद किए। उसका साथी भाग गया। वहीं, पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के 25 हजार रुपये के इनामी दिनेश कुमार सोनकर निवासी मझगंवाकला थाना जलालपुर को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है।
लालपुर के प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव ने सूचना पर असबरनपुर पुलिया अंडरपास के पास घेराबंदी की। पुलिस को देख एक बुलेट मोटरसाइकिल सवार जौनपुर की तरफ भागने लगा। मुठभेड़ में पुलिस ने इनामी दिनेश को गिरफ्तार किया। उसके पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसके पास से असलहा बरामद किया। उस पर विभिन्न जिलों में 13 मुकदमे दर्ज हैं।