जौनपुर। गुजरात और पंजाब में फंसे यूपी के श्रमिकों को लेकर दो श्रमिक स्पेशल ट्रेन अगले दो दिनों में जौनपुर जंक्शन (भंडारी) रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। पहली ट्रेन गुजराज के बड़ोदरा से शुक्रवार की सुबह 10 बजे आएगी, जबकि दूसरी ट्रेन पंजाब के पटियाला से शनिवार की सुबह नौ बजे जौनपुर पहुंचेगी। शासन का पत्र पहुंचने के बाद जिला प्रशासन ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। स्टेशन पर यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग के बाद उन्हें रोडवेज बसों से संबंधित जिलों में भेजा जाएगा।
लॉक डाउन के बाद से यूपी-बिहार के श्रमिक बड़ी संख्या में मुंबई, गुजरात, पंजाब, हरियाणा में फंसे हुए हैं। रोजी-रोजगार ठप होने के बाद बेहाल मजदूर घर लौटने के लिए परेशान हैं। हजारों श्रमिकों के पैदल ही घर की ओर रवाना होने की खबरों के बाद सरकार ने मजदूरों के लिए श्रमिक स्पेशल ट्रेेन शुरू की है। सोमवार की रात जौनपुर में साढ़े 12 सौ श्रमिकों को लेकर पहली ट्रेन गुजरात के साबरमती से पहुंची थी। अब दो अन्य ट्रेन भी आ रही है। गुजरात के ही बड़ोदरा से ट्रेन 1257 यात्रियों को लेकर बृहस्पतिवार की शाम 4 बजे रवाना हुई। यह ट्रेन करीब 18 घंटे बाद शुक्रवार को सुबह 10 बजे तक आएगी। एक अन्य ट्रेन पंजाब के पटियाला से शुक्रवार को रवाना होगी, जो शनिवार की सुबह साढ़े 8 बजे तक जौनपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। पत्र आने के बाद डीएम ने यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग, भोजन, पानी, घरों तक पहुंचाने के लिए बसों की व्यवस्था सुचारु करने के संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं। यात्रियों को प्लेटफार्म पर निर्धारित दूरी पर बने गोले में खड़ा होना होगा। बारी-बारी थर्मल स्क्रीनिंग के बाद उन्हें बसों से संबंधित जिलों में भेजा जाएगा। स्पेशल ट्रेन से जौनपुर आने वाले ज्यादातर श्रमिक जौनपुर, प्रतापगढ़, अमेठी, प्रयागराज, सुल्तानपुर, आजमगढ़, गोरखपुर, वाराणसी जिलों के हैं। जौनपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन अधीक्षक वीपी सिंह ने बताया कि शुक्रवार और शनिवार को एक-एक श्रमिक स्पेशल ट्रेन आने की सूचना मिली है। इसके आधार पर स्टेशन परिसर में जरुरी इंतजाम किए जा रहे हैं।