जौनपुर। जिले में लगभग सवा दो लाख किसान सम्मान निधि योजना का लाभ लेने से वंचित हो सकते हैं। ईकेवाइसी के लिए 31 जुलाई तक समय सीमा निर्धारित की गई थी लेकिन अधिकतर किसान अभी तक ई केवाइसी नहीं कराए हैं। हालांकि जो किसान ईकेवाइसी नहीं कराएं हैं, कृषि विभाग दो अगस्त को उनकी लिस्ट गांवों में चस्पा कर ई-केवाइसी करने के लिए जागरूक करेगा। इसके बावजूद जो किसान ईकेवाइसी नहीं कराएंगे, उनकी 12 किस्त रुक जाएगी।
जिले में सात लाख 97 हजार 904 लोगों को किसान सम्मान निधि मिल रही है। इसमें करीब साढ़े पांच लाख से अधिक लोगों ने ईकेवाइसी करा ली है। अभी करीब सवा दो लाख लोग ऐसे हैं, जो निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी ईकेवाइसी नहीं करा पाए हैं। सभी लाभार्थियों के लिए ईकेवाइसी करवाना जरूरी है। इसके बावजूद, किसान लेटलतीफी कर रहे हैं। 12वीं किस्त किसानों के खाते में डालने की कवायद चल रही है। इसका लाभ उन किसानों को मिलेगा, जो ई-केवाइसी करा लिए हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि अगस्त में ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 12 किस्त किसानों के खाते में डाली जाएगी। अपर जिला कृषि अधिकारी रमेशचंद्र यादव ने बताया कि जो किसान अभी तक ईकेवाइसी नहीं कराएं हैं, उनकी सूची निकालकर गांवों में चस्पा की जाएगी। जो किसान ईकेवाइसी नहीं कराएंगे, उनका पीएम सम्मान निधि की 12वीं किस्त रोक दी जाएगी।
वर्जन
किसानों को ई-केवाइसी कराने के लिए 31 जुलाई तक का समय दिया गया था। अभी करीब सवा दो लाख किसान ई-केवाइसी नहीं कराए हैं। लाभार्थी शीघ्र ही ईकेवाइसी करा लें, नहीं तो 12वीं किस्त से वंचित हो सकते हैं। सभी को ईकेवाईसी कराना जरूरी है। इसके लिए दो चार दिन का समय और दिया जा सकता है। - जयप्रकाश, उपनिदेशक कृषि