ब्लाक मुख्यालय पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला सचिव सुभाष चंद्र पटेल ने कहा कि मनरेगा को सरकार द्वारा कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। देश में मुनाफा खोरी, दवाओं में लूट और महंगाई पर काबू पाने में मोदी सरकार पूरी तरह से विफल साबित हो रही है।
देश में अराजकता का माहौल बनाया जा रहा है। अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा का सहारा लेकर देश का बांटने की कोशिश लगातार की जा रही है। काले धन पर बड़ी बड़ी बातें करने वाली मोदी सरकार अब क्या कर रही है।
शिक्षा से लेकर सार्वजनिक प्रसारण माध्यम एवं सरकारी प्रतिष्ठानों को भगवाकरण करने का प्रयास किया जा रहा है। इससे देश की एकता और अखंडता के लिए खतरा पैदा हो गया है। जिला मंत्री कल्पनाथ गुप्त ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा एवं हर तरीके के लैंगिक उत्पीड़न रोकने के लिए कारगर कदम उठाए जाने चाहिए। आरोप लगाया कि देश और प्रदेश में दलितों पर अत्याचार बढ़ा है।
समाज में जातिवाद का जहर बोया जा रहा है। वामपंथी दल अब केंद्र सरकार के रवैए के खिलाफ सड़क पर उतर चुके हैं। धरना प्रदर्शन की अध्यक्षता मंगला प्रसाद गौतम और संचालन प्रसून पटेल ने किया। इस मौके पर सुभाष गौतम, जयलाल सरोज, कृष्ण नारायण तिवारी, लालजी, बसंत लाल, सूर्यलाल, संदीप शर्मा, कैलाश पटेल, विश्वनाथ सहित तमाम लोग मौजूद थे।