जौनपुर। सदर इमामबाड़ा बेगमगंज में रविवार की शाम को मजलिस में भाजपा नेता सैय्यद कौसर मेंहदी उर्फ शम्सी आजाद से हाथापाई के आरोप में 17 लोगों की गिरफ्तारी पर लोग भड़क गए। मजलिस के दौरान लोगों ने ये कहते हुए विरोध कि था कि शम्सी आजाद ने डोनाल्ड ट्रंप के अमेरिका के राष्ट्रपति बनने के लिए दुआ मांगी थी और चादरपोशी की थी। वह भाजपा की राजनीति करते हैं। सोमवार की दोपहर में करीब 500 महिलाओं और पुरुषों ने शहर काेतवाली का घेराव कर लिया। पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। करीब ढाई घंटे तक चले हंगामे के दौरान पुलिस अधिकारी और चार थानों की फोर्स तैनात रही। मीरघर पान दरीबा निवासी सैय्यद कौसर मेंहदी उर्फ शम्सी आजाद भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य हैं। वह रविवार की शाम सदर इमामबाड़ा में मुहर्रम पर आयोजित शामे गरीबा की मजलिस में खिताब फरमाने गए थे। मंच पर पहुंचते ही उनका विरोध शुरू होने लगा। वहां पर अन्य युवकों का कहना था कि ऐसे व्यक्ति को मजलिस का नेतृत्व नहीं करने देंगे जो ट्रंप का समर्थन करता हो। इसके बाद युवक मंच से भाजपा नेता का कॉलर पकड़ कर नीचे खींच लाए और हाथापाई की।
इस मामले में भाजपा नेता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर 17 लोगों को गिरफ्तार किया था। इससे आक्रोशित कुछ लोग सुबह कोतवाली बातचीत करने गए थे। आरोप है कि उनकी बात नहीं सुनी गई। दोपहर करीब तीन बजे लगभग 500 की संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने कोतवाली का घेराव कर लिया।पुलिस के समझाने पर भी लोग लगातार हंगामा करते रहे। माहौल बिगड़ता देख पुलिस ने हल्का बल का प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया। इसके बाद लोग कोतवाली के सामने धरने पर बैठ गए। मौके पर एडिशनल एसपी आयुष श्रीवास्तव ने कहा कि दोनों पक्षों के लोगों को वार्ता के लिए कक्ष में बुलाया और कहा कि जो भी मांगें हैं, वह लिखित में दी जाएं। शिकायत के आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी। इसके बाद लोग शांत हुए।
शांतिभंग में इनका हुआ चालान-कोतवाली के मोहल्ला मीरघर पान दरीबा निवासी सैय्यद कौसर मेंहदी उर्फ शम्सी आजाद की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने 17 लोगों को शांतिभंग में गिरफ्तार कर चालान किया था। इनमें तबरेज हैदर, मिर्जा सलमान हैदर, दिलशाद, सिराज अली, जाकिर हुसैन, रजि हैदर, शहबाज, काशिम हैदर, मेहताब हुसैन, यावर अब्बास, गिजान खां, मोहम्मद सैफ, अब्बास मेहदी, सरफराज उर्फ शानू, इमरान हैदर, मुनैवर अली निवासी बलुआघाट थाना कोतवाली, हुसैन हसन निवासी पानदरीबा थाना कोतवाली हैं।
सदर इमामबाड़ा बेगमगंज के पास रविवार शाम को मजलिस में एक युवक मंच पर चढ़कर बोलना चाहता था। इसका दूसरे पक्ष ने विरोध किया। मंच से कॉलर पकड़कर उतारा और हाथापाई की गई। युवक पर आरोप है कि वह समय-समय पर सोशल मीडिया पर ट्रंप के पक्ष में पोस्ट करता है। इसका शिया समुदाय विरोध जताता है। युवक की तहरीर पर 17 लोगों के खिलाफ मुकदमा कर चालान कर दिया गया। इसी कार्रवाई पर कुछ लोग कोतवाली में बात करने आए थे। काफी संख्या में महिलाएं व पुरुष कोतवाली आकर विरोध करने लगे। दोनों पक्षों की बातों को सुनकर समझाकर शांत कराया गया।- आयुष श्रीवास्तव, एडिशनल एसपी सिटी।
ताजिया जुलूस में ईरान के राष्ट्रपति की लगी फोटो उतरवाई-जौनपुर। मुफ्तीगंज बाजार में सोमवार को शिया समुदाय के ताजिया जुलूस के दौरान टेंपो पर लगे ईरान के राष्ट्रपति की फोटो को पुलिस ने उतरवा दी। इसकी चर्चा हो रही है। मुफ्तीगंज के कर्बला के मैदान में कुछ वर्षों पहले ताजिया दफन के दौरान शिया सुन्नी में विवाद हो गया था। इसमें कई लोग घायल हो गए थे। तब से बाजार में ताजिया दफन के समय पुलिस सतर्क रहती है। सीओ केराकत अजीत रजक ने बताया कि टेंपो पर लगे ईरान के राष्ट्रपति की फोटो को ताजिया जुलूस से हटवा दिया गया। इसके बाद शांतिपूर्ण ढंग से ताजिये दफन करा दिए गए। संवाद