आलमगंज। एआरटीओ की ओर से चेकिंग की सूचना पर ट्रक चालकों में खलबली मच गई। जगह-जगह ट्रकों को रोक दिया। सड़कों पर ट्रक खड़ी होने से राहगीर दिन भर जाम से जूझते रहे। एक किमी का सफर तय करने में भी 40-50 मिनट लग गया। शनिवार की सुबह जौनपुर शहर के आसपास एआरटीओ की ओर से ओवरलोड व ट्रकों के अन्य कागजात के चेकिंग की सूचना पर ट्रक चालक सकते में आ गए। रामपुर बाजार के इर्द-गिर्द जौनपुर-मिर्जापुर रोड पर ट्रकों को लबे सड़क ही खड़ा कर दिया। आधी सड़क पर भारी वाहनों के खड़े होने से छोटी-बड़ी गाड़ियों का आवागमन बाधित हो गया। कई किमी तक ट्रकों के खड़े होने से राहगीरों को किसी तरह अपनी गाड़ियां जाम से निकालनी पड़ी। इस कारण रामपुर के आसपास सुबह से ही लेकर जाम की स्थिति बनी रही। लगातार जाम की सूचना के बाद भी स्थानीय प्रशासन का ध्यान इस तरफ नहीं गया। यात्री जाम में फंस कर हलकान होते रहे और किसी तरह अपने गंतव्य को पहुंचे।