जौनपुर। खुटहन थानाक्षेत्र के बनुआडीह बाजार के पास शाहगंज वाया प्रयागराज राजमार्ग 7 पर शुक्रवार की देर रात सीमेंट शेड लादकर जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद सड़क किनारे पलट गया। ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दूध विक्रेता की मौत हो गई। पुलिस ने जेसीबी की सहायता से ट्रक को हटवाकर शव को बाहर निकाला।
गोसाईं पुर चकलालमन गांव निवासी सियाराम यादव (45) दूध का व्यवसाय करते थे। शुक्रवार की देर रात शाहगंज से दूध बेचकर बाइक से घर लौट रहे थे। सामने से तेज गति से आ रहा ट्रक को अनियंत्रित देखकर वह सड़क किनारे अपनी बाइक रोककर खड़े हो गए। ट्रक पेड़ में टक्कर मरते हुए उन पर आकर पलट गया। बाइक समेत वह ट्रक के नीचे दब गए। आसपास के लोग मौके पर पहुंच चालक और खलासी को बाहर निकाले। मौके से अंधेरे का लाभ उठाकर दोनों फरार हो गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों को मदद से तीन जेसीबी लगाकर ट्रक सीधा कर दूध विक्रेता को बाहर निकाला गया। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने ट्रक कब्जे में ले लिया है।
प्रभारी निरीक्षक खुटहन संजय वर्मा ने बताया कि घटना शुक्रवार की देर रात की है। ट्रक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया था। बाइक सवार वहीं खड़ा था जिस पर ट्रक पलट गया। ट्रक के नीचे दबने से दूध विक्रेता की मौत हुई है। ट्रक को कब्जे में ले लिया है। मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर ट्रक चालक सहाबुद्दीन के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई की जा रही है।