एनआईसी कक्ष में वीडियो कांफ्रेंस से समीक्षा में उपस्थित अफसर व जनप्रतिनिधि।
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेडिकल कॉलेज समेत सभी लंबित परियोजनाओं को तय समय में पूर्ण करने का निर्देश दिया है। वीडियो कांफ्रेंसिंग से समीक्षा के दौरान उन्होंने स्पष्ट हिदायत दी कि समय और गुणवत्ता से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन समुचित कदम उठाए। समीक्षा के दौरान जर्जर सड़कों की मरम्मत और जाम का मुद्दा उठाए जाने पर सीएम ने इसके समाधान के लिए भी ठोस कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया।वाराणसी मंडल की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले में निर्माणाधीन सभी कार्यों की प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी ली। कहा कि विकास कार्यों के साथ जनप्रतिनिधि व प्रशासन के मध्य अच्छा संवाद स्थापित करते हुए स्थानीय स्तर पर जनहित से जुड़े कार्यों को पूरी तत्परता व कर्मठता से पूरे किए जाएं। कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जाए। समीक्षा के दौरान एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंसू ने शहर के चारों तरफ रोजाना लगने वाले जाम की समस्या उठाते हुए फ्लाईओवर के निर्माण की जरुरत बताई। इसके अलावा सड़कों की हालत से भी अवगत कराया। मड़ियाहूं विधायक डॉ. लीना तिवारी ने सड़कों की बदहाली पर चिंता जताते हुए इसकी शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की। मुख्यमंत्री ने इसके लिए दोनों जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया। डीएम दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि वर्ष 2019-20 में नई सडकों के निर्माण हेतु 136 कार्य स्वीकृति हुए थे, जिसके सापेक्ष 13 सडकों का निर्माण कार्य पूर्ण करा लिया गया है शेष सडकों पर कार्य तेजी के साथ कराया जा रहा है। 554.42 करोड़ की लागत से मेडिकल कॉलेज बनाया जा रहा है। इसका संशोधित एस्टीमेट भेजा गया है। इसके अलावा 264.77 की लागत से एसटीपी, 10.25 करोड़ की लागत से राज्य सेक्टर बदलापुर नगर पंचायत पेयजल योजना, 12.32 करोड़ की लागत से पुर्नगठन पेयजल योजना फेज-2 नगर पालिका परिषद जौनपुर, 16.64 करोड रुपये की गोमती नदी पर मई, टड़वा-पसेवा मार्ग पर मईघाट सेतु का निर्माण, 17.31 करोड रुपये की लागत से धर्मापुर-जमैथा मार्ग के निर्माण अखडोघाट पर सेतु निर्माण, 23.22 करोड रुपये की लागत से गोमती नदी कबूलपुर से संगुलपुर-नवाबाद जंगल नैपुरा मुफ्तीगंज मार्ग पर नैपुराघाट पर सेतु निर्माण, 15.97 करोड की लागत से जनपद में गोमती नदी पर बेलाव-पराउगंज घाट पर भडे़हरी घाट पर सेतु का निर्माण कार्य, 31.77 करोड़ की लागत से सिटी स्टेशन रेलवे क्रॉसिंग पर फ्लाईओवर को निर्माण जारी है। 12.20 करोड़ की लागत से सालिड वेस्ट मैनेजमेंट और 17.33 करोड रुपये की लागत से नगर पालिका परिषद जौनपुर के अंतर्गत ऑडिटोरियम भी बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने सांसद विकास निधि व विधायक विकास निधि के योजना के अंतर्गत कराए गए कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने को कहा। वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान सीडीओ अनुपम शुक्ला, एडीएम रामप्रकाश, सीएमओ डॉ. राकेश कुमार, डीएसटीओ आरडी यादव भी मौजूद रहे।