नगर निकाय चुनाव को संपन्न कराने के लिए प्रशासन की तरफ से तीन सुपर जोनल, 19 जोनल व 40 सेक्टर मजिस्ट्रेट लगाए गए थे। इसमें जहां सभी अधिकारियों से प्रति दो घंटे बाद सूचना मिल रही थी। वहीं शाहगंज जोन के एक सेक्टर मजिस्ट्रेट के पास मोबाइल नहीं रहने से मतदान प्रतिशत जानने में अधिकारियों को समस्या हुई। सेक्टर मजिस्ट्रेट चंद्रभान यादव शाहगंज क्षेत्र के अरसियां में पशु चिकित्साधिकारी हैं। ऐसे में इनसे वोटिंग फीसदी जानने के लिए अधिकारी इनके साथ के कर्मचारियों को फोन करते रहे।
लाल कार्ड जारी होने के बाद टहलते रहे लोग
जौनपुर। नगरीय निकाय चुनाव जिले के 13 थाना क्षेत्रों में कराया गया। इसमें उस क्षेत्र के थानाध्यक्ष की तरफ से मतदान में शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले लोगों को चिन्हित करके लाल कार्ड जारी किया गया था। इसके बाद भी लाल कार्ड वाले लोग मतदान केंद्र के आस-पास टहलते दिखे। यह हाल मतदान केंद्र मोहम्मद हसन डिग्री कालेज पर दिखाई दिया। इस संबंध में एडिशनल एसपी सिटी बृजेश कुमार ने बताया कि पुलिस की तरफ से ऐसे लाल कार्ड वालों पर पैनी नजर रखी गई है। कही किसी प्रकार की समस्या नहीं सामने आई।