जलालपुर। त्रिलोचन महादेव बाजार में बुधवार की रात में चार आरोपियों ने तीन दुकानों को निशाना बनाया। आरोपी एक सराफा दुकान से चांदी की तीन थाली और आर्टिफिशियल ज्वेलरी उठा ले गए, वहीं, एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान से नकदी व सामान चोरी कर लिया। सीसीटीवी फुटेज में दो बाइकों से आए चार आरोपी चोरी करते दिखाई दे रहे हैं। मकरा चौराहा स्थित सत्यम अग्रहरि की मोबाइल की दुकान पर बुधवार की रात करीब सवा दो बजे आरोपी पहुंचे। उन्होंने पहले दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त कर दिया। फिर ताला तोड़ दिया। रंभा से शटर उठाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। इसके बाद चोर बगल में स्थित शिवरतन अग्रहरि की आभूषण की दुकान पर पहुंच गए। लकड़ी का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे आरोपी चांदी की तीन थाली और आर्टिफिशियल ज्वेलरी उठा ले गए। वे अपने साथ गैस कटर भी लेकर आए थे। इसके बाद रामअजोर अग्रहरि की इलेक्ट्रॉनिक दुकान का दरवाजा तोड़ दिया। वहां से तीन हजार रुपये का सामान और गल्ले में रखे 1500 रुपये नकद चोरी कर लिए। इंस्पेक्टर सत्येंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।