शाहगंज। रामलीला मैदान में आयोजित दो दिवसीय शाहगंज महोत्सव के दूसरे दिन रविवार को पूर्व विधायक बांकेलाल सोनकर एवं विधायक रमेश सिंह ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों व प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान स्टालों का अवलोकन कर जानकारी ली। उन्होंने 335 दिव्यांगों में ट्राई साइकिल एवं 25 नेत्रहीनों में किट दिया। वहीं महिलाओं की गोद भराई की।
पूर्व विधायक बांकेलाल सोनकर ने कहा कि सरकार पारदर्शिता के साथ महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ सभी वर्ग को देने का काम कर रही है। बेटी के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा एवं विवाह तक के लिए काम कर रही है।
विधायक रमेश सिंह ने ट्राई साइकिल व मोटराइज्ड साइकिल का वितरण किया। साइकिल पाकर दिव्यांगों के चेहरे खिल उठे। जिला दिव्यांग कल्याण अधिकारी दिव्या शुक्ला व परियोजना निदेशक जयकेश त्रिपाठी के नेतृत्व में 335 दिव्यांगों में ट्राई साइकिल व 25 नेत्रहीनों को किट का वितरण किया गया। इसमें 25 दिव्यांगों को मोटराइज्ड साइकिल दिया गया। एक बार चार्ज होने पर 40 किमी चलेगी। इस मौके पर बेचन सिंह, हृदेश शुक्ला, भीम सिंह, बंशबहादुर पाल, सुधीर सिंह, सुनील अग्रहरि, दुर्गेश तिवारी, डॉ.राजकुमार मिश्रा आदि उपस्थित रहे। महोत्सव में विधायक रमेश सिंह एवं पूर्व विधायक बांकेलाल सोनकर ने महिला बाल विकास एवं पोषाहार के प्रदर्शनी में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की। गर्भवती महिलाओं को पोषाहार से भरी टोकरियां भेंट की गईं।