बदलापुर में काकोरी कांड के शहीदों का श्रद्धांजलि देते लोग। संवाद
- फोटो : JAUNPUR
बदलापुर। आजादी आंदोलन के गैर समझौतावादी धारा के महान क्रांतिकारियों और काकोरी घटना के वीर रामप्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां, राजेंद्रनाथ लाहिड़ी और रोशन सिंह की 94वीं शहादत दिवस पर छात्र संगठन एआईडीएसओ ने सल्तनत बहादुर पीजी कॉलेज बदलापुर के मुख्य द्वार पर साझी शहादत साझी विरासत के नारे के साथ श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने कहा कि हर साल 17 और 19 दिसंबर का दिन काकोरी के वीरों की कुर्बानी हमारे अंदर समाज के प्रति दायित्व बोध जगाने तथा सांप्रदायिक सोच, जातिवादी भेदभाव व छुआछूत जैसे दकियानूसी विचारों से मुक्त होकर हर अन्याय और शोषण जुल्म के खिलाफ लड़ने के लिए प्रेरित करता है। काकोरी घटना के वीर सपूतों में राजेंद्रनाथ लाहिड़ी को 17 दिसंबर और राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां और रोशन सिंह को 19 दिसंबर 1927 को क्रमश: गोंडा, फैजाबाद, गोरखपुर और इलाहाबाद की जेलों में ब्रिटिश सरकार ने फांसी पर लटका दिया था। इस अवसर पर छात्र संगठन एआईडीएसओ के राज्य सचिव दिलीप कुमार, जिला संयोजक संतोष प्रजापति, अनीता निषाद, चंदा सरोज, पूनम प्रजापति, खुशबू मौर्य, चेष्ठा दुबे, अजय व किसान संगठन के मिथिलेश कुमार मौर्य, विनय कुमार दुबे, सुखराज, हीरालाल गुप्त मौजूद रहे।