तेज आंधी में बृहस्पतिवार की देर शाम कई पेड़ सड़क पर गिर गए। इससे घंटों आवागमन बाधित रहा। अचानक आई आंधी से गांव के लोग परेशान हो गए। आंधी के दौरान मछलीशहर-जंघई और बंधवा-भटहर मार्ग पर पेड़ गिर गया। इससे घंटों आवागमन बाधित रहा। कई घरों पर गिरने से लोगों को नुकसान उठाना पड़ा। शाम करीब साढे़ सात बजे अचानक आंधी आई। लगभग 10 मिनट की ही आंधी में क्षेत्र के रामगढ़, बरावां, चौकी खुर्द, जगदीशपुर, माधोपुर, रामपुर खुर्द, भटहर गांव में 10 से अधिक पेड़ उखड़ गए। मछलीशहर-जंघई मार्ग देर रात तक अवरुद्ध रहा। पेड़ को काटकर हटाया गया, तब जाकर यातायात बहाल हुआ। बंधवा बाजार-भटहर मार्ग पर रामपुर खुर्द के पास पेड़ गिरने से मार्ग पर शुक्रवार को दोपहर तक आवागमन बाधित रहा। इससे लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। रामपुर खुर्द निवासी रमाशंकर यादव के टीन शेड पर पेड़ गिरने से उनका नुकसान हुआ। इसी तरह चौकी खुर्द निवासी राम आसरे के मकान पर गिर गया, जिससे हजारों का नुकसान हुआ।