जलालपुर। क्षेत्र के एक रिसॉर्ट में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी मछलीशहर की ओर से वक्फ सुधार जन जागरण अभियान के तहत कार्यशाला का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि भाजपा काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल ने कहा कि वक्फ संशोधन विधेयक 2025 के प्रावधानों को जन-जन तक पहुंचाना। इससे गरीब मुस्लिम परिवारों को होने वाले लाभों के बारे में जागरूकता फैलाना है। उन्होंने बताया कि यह अभियान केंद्र सरकार की उस पहल का हिस्सा है, जो वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन में पारदर्शिता, जवाबदेही और समाज के वंचित वर्गों के कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए शुरू की गई है। सरकार की तरफ से प्रस्तावित वक्फ संशोधन विधेयक 2025 का मुख्य उद्देश्य वक्फ बोर्ड की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाना है। कहा कि यह विधेयक किसी भी धार्मिक स्थल या समुदाय की आस्था को प्रभावित करने के लिए नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य वक्फ संपत्तियों के दुरुपयोग को रोकना और इनके लाभ को जरूरतमंद मुस्लिम परिवारों तक पहुंचाना है। यह विधेयक न तो किसी मस्जिद या दरगाह को प्रभावित करता है और न ही किसी समुदाय के अधिकारों को छीनता है। जिलाध्यक्ष भाजपा मछलीशहर डॉ अजय कुमार सिंह ने स्वागत भाषण से मुख्य अतिथि एवं उपस्थित जनों का स्वागत किया। संचालन अभियान के जिला संयोजक नृपेंद्र सिंह ने किया एवं आभार ज्ञापन अल्पसंख्यक मोर्चा जिला संयोजक अनीश रहमानी ने किया। इस मौके पर सुनील सिंह, मेहीलाल गौतम, संदीप सिंह, अरविंद सिंह आदि रहे।