जौनपुर। मछलीशहर विधानसभा क्षेत्र में गर्मी के दिनों में बिजली की समस्याओं से निजात दिलाने के लिए सपा विधायक डाॅ.रागिनी सोनकर ने शासन को प्रस्ताव भेजकर ट्रांसफॉर्मर के लिए मांग की थी। इस प्रस्ताव पर ऊर्जा के प्रमुख सचिव ने स्वीकृति दे दी है। क्षेत्र में ट्रांसफॉर्मर लगने का काम चल रहा है, जिससे उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ेगी और क्षेत्र को निरंतर विद्युत आपूर्ति मिलेगी। ट्रांसफॉर्मर लगने से मछलीशहर क्षेत्र के 10 गांव की 62 हजार आबादी क्षेत्र को बिजली से जुड़ी समस्याओं से छुटकारा मिलेगा। 18 गांव की 52 हजार आबादी क्षेत्र के 15000 उपभोक्ता लाभान्वित होंगे। इसमें करीब 22 लाख रुपये खर्च होंगे। गर्मी के दिनों में ट्रांसफार्मर फुंकने, ओवरलोडिंग व ट्रिपिंग की समस्याएं दूर होंगी। गांव में ट्रांसफॉर्मर लगने से मछलीशहर ग्रामीण, जंघई व गोपालपुर विद्युत उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ेगी। इससे क्षेत्र के कटाहित खास, जमालपुर के बबुरियां, बरसठी के पाली, गारोपुर, चमरहा, आदमपुर, पपरावन, मनौरा, सिरौली, धनापुर गांव के उपभोक्ताओं को लाभ होगा। विधायक ने 25 केवीए के ट्रांसफॉर्मर की क्षमता बढ़ाकर 63 केवीए, 63 केवीए के ट्रांसफॉर्मर की क्षमता बढ़ाकर 100 केवीए करने की मांग की है।
ऊर्जा के प्रमुख सचिव को प्रस्ताव भेजा गया है। इससे जुड़े फीडरों का अतिरिक्त भार कम होगा, जिससे गर्मी में आए दिन ट्रांसफार्मर फुंकने की समस्या दूर होगी। क्षेत्र की जनता ओवरलोड, शटडाउन, ब्रेकडाउन और अंधेरे आदि की समस्याओं से कई दशकों से वर्षों से जूझ रही है जिसके लिए काफी समय से प्रयास किया जा रहा था। इससे इन समस्याओं से निजात मिलेगी।-डा.रागिनी सोनकर, विधायक मछलीशहर।