जौनपुर। गर्मी से निजात पाने के लिए लोग धड़ल्ले से एसी और कूलर का उपयोग कर रहे हैं। बिजली की खपत बढ़ने के साथ ट्रांसफार्मर जलने की समस्या भी बढ़ी है। संसाधनों का रोना रो रहा विभाग इसे बदलने में तय समय सीमा का पालन नहीं कर पा रहा। औसतन रोजाना 5-6 ट्रांसफार्मर जल रहे हैं, जबकि एक-दो ही बदले जा पा रहे हैं। गर्मी के साथ समस्या में इजाफा होने की आशंका जताई जा रही है। जिले में बेहतर बिजली आपूर्ति के लिए 48 हजार ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। इससे पांच लाख 85 हजार उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की जाती है। इस समय ट्रांसफार्मर जलने की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मार्च माह में 110 ट्रांसफार्मर जले थे। वहीं इस माह के 12 दिनों में ही 55 ट्रांसफार्मर जल चुके हैं। इसका कारण एक ओर गर्मी तो दूसरी ओर बिजली का भार बढ़ना है। बेतहाशा गर्मी से निजात पाने के लिए अधिकांश घरों में एसी व कूलर का प्रयोग हो रहा है। इसका भार सीधे ट्रांसफार्मरों पर पड़ रहा है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। लोग गर्मी व उमस के कारण पसीने से तरबतर हो रहे हैं।