जौनपुर जंक्शन पर ट्रेन का इंतजार करते यात्री ।
पछुआ हवा और कोहरे के कारण रविवार को पारा और गिर गया। दिनभर लोग ठिठुरते रहे। गलन के चलते सड़कों पर आवाजाही काफी कम रही। लोग जगह-जगह अलाव सेंकते नजर आए। ठंड और कोहरे का ट्रेनों के परिचालन पर गहरा असर पड़ा है। ट्रेनें 12-12 घंटे तक विलंब से चलीं। इससे यात्री कड़ाके की ठंड में झेल गए। कोई घर तो कोई समीप रिश्तेदारी में समय गुजारता नजर आया। वहीं, न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस होने के कारण जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने फिर से 12वीं तक के सभी बोर्ड के विद्यालयों को 29-30 दिसंबर तक बंद करने का आदेश दे दिया। हालांकि विद्यालय पहले से ही बंद चल रहे हैं। रविवार को सुबह से पछुआ हवाओं के कारण ठंड का असर दिखने लगा था। सूर्यदेव के दर्शन न होने के कारण गलन से राहत नहीं मिली। दिनभर लोग घरों और कार्यालयों में भी ठिठुरते रहे। दुकानदार ग्राहकों का इंतजार करते रहे। बाइक सवारों को ज्यादा परेशानी हुई। शाम होते ही फिर से गलन और बढ़ गई है। रात में बिस्तर में भी राहत मिल रही थी। जिला अस्पताल में भी गिनती के मरीज ही पहुंचे। इमरजेंसी में मरीजों को इलाज कर डाक्टरों ने उन्हें घर भेज दिया। निजी अस्पतालों में भी मरीजों की संख्या काफी कम रही है। रविवार को घना कोहरा दिनभर छाए रहा। वहीं, जौनपुर जंक्शन पर आनंद बिहार मऊ एक्सप्रेस 12 घंटे देरी से जौनपुर जंक्शन पर पहुंची। वहीं 13005 हाबड़ा से अमृतसर जाने वाली पंजाब मेल जंघई जंक्शन पर 12 घंटे देर से पहुंची। इसी तरह 13006 अमृतसर से हावड़ा जाने वाली पंजाब मेल 2 घंटे 12 मिनट देरी आई। जबकि 15128 नई दिल्ली से बनारस जाने वाली वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस एक घंटे देर से पहुंची। जंघई जंक्शन के अधीक्षक कोमल सिंह ने बताया कि ठंड और कोहरे के असर से पंजाब मेल के साथ कई ट्रेनें देर से चल रही हैं।गाजीपुर सिटी जौनपुर पैसेंजर ट्रेन एक माह के लिए निरस्त कर दिया गया है। जौनपुर से गाजीपुर के लिए सीधी रोडवेज बस सेवा नहीं होने से यात्री इसी पैसेंजर ट्रेन का सहारा लेते थे। लेकिन, कोहरे के मद्देनजर रेलवे की ओर से जौनपुर-गाजीपुर सिटी पैसेंजर ट्रेन को 25 दिसंबर से 31 जनवरी 2026 तक निरस्त कर दिया गया है। रविवार को जौनपुर जंक्शन पर गाजीपुर जाने के लिए पहुंचे बक्शा निवासी रमेश सिंह, नईगंज निवासी सुरेश यादव ने बताया कि जौनपुर से गाजीपुर के लिए सीधी रोडवेज बस की सुविधा नहीं है। पैसेंजर ट्रेन गाजीपुर तक चलने से आवागमन आसान था। अब यह भी 31 जनवरी तक रेलवे की ओर से निरस्त कर दिया गया है, जिससे मजबूरन डग्गामार वाहनों से सफर करना पड़ रहा है। स्टेशन अधीक्षक राम प्रकाश ने बताया कि कोहरे को मद्देनजर रेलवे की ओर से जौनपुर-गाजीपुर पैसेंजर ट्रेन को 25 दिसबंर से 31 जनवरी तक निरस्त किया गया है।