खेतासराय। गुरैनी बाजार में सोमवार को स्मार्ट मीटर लगाने पहुंचे विद्युत निगम के कर्मचारियों को व्यापारियों के जबरदस्त विरोध का सामना करना पड़ा। विरोध इतना तेज था कि जहां-जहां स्मार्ट मीटर लग चुके थे, उन्हें भी हटाकर पुराने मीटर लगाने पड़े। कुल सात स्मार्ट मीटर बदलकर पुराने मीटर लगाए गए।
दोपहर में करीब 20 कर्मचारी बाजार में पहुंचे और करीब 12 दुकानों में स्मार्ट मीटर लगा चुके थे। उसी व्यापार मंडल के पदाधिकारी और व्यापारी मौके पर पहुंच गए और कार्य रोक दिया। व्यापार मंडल के अध्यक्ष मसूद सिद्दीकी ने विद्युत निगम के एसडीओ से फोन पर बात कर आगाह किया कि बाजार में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति, 500 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर लगाने और फाल्ट होने पर तत्काल मरम्मत की व्यवस्था होने के बाद ही स्मार्ट मीटर लगवाए जाएंगे। व्यापार मंडल के अध्यक्ष मसूद सिद्दीकी ने बताया कि एसडीओ ने मंगलवार को स्वयं बाजार में आकर व्यापारियों से बातचीत कर समस्या का समाधान निकालने का आश्वासन दिया है। इस दौरान व्यापार मंडल उपाध्यक्ष हुजैफा, महामंत्री रामशबद, मंत्री मो.आदिल, मो.सलीम, कादिर, सुनील कुमार आदि मौजूद रहे।