नेवढ़िया थाना क्षेत्र के जमालपुर (भवानीगंज) गांव में विकास मिश्रा व पुरुषोत्तम सेठ के बीच वर्षों से दो पक्षों में चल रहे विवाद को बृहस्पतिवार को प्रशासन ने समाप्त कराया। इस दौरान एसडीएम ने खुद मौके पर पहुंचकर भूमि से अवैध कब्जा हटवाते हुए पुरुषोत्तम को कब्जा दिलाया। इस दौरान कार्यवाही रोकने के लिए विकास मिश्रा ने खुद पर केरोसिन का तेल छिड़क कर आग लगाने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस ने उसको गिरफ्तार कर लिया। जमालपुर(भवानीगंज) गांव निवासी विकास मिश्रा व पुरुषोत्तम सेठ के बीच वर्षों से जमीन का विवाद चला आ रहा है। पुरुषोत्तम सेठ ने लगभग 11 वर्ष पहले संजय मिश्रा से आराजी संख्या 42 का बैनामा कराया था। तभी से संजय मिश्रा के चचेरे भाई विकास मिश्र पुरषोत्तम सेठ को कब्जा नहीं लेने दे रहे थे। कब्जा लेने के लिए पुरुषोत्तम सेठ ने मुकदमा करके पैमाइश कराया और जमीन का फाट करवाया। इस दौरान वादी पुरूषोत्तम को आराजी संख्या 42 पर कब्जा करने का आदेश हुआ। जिसके बाद एसडीएम मड़ियाहूं मंगलेश दुबे, तहसीलदार व सीओ सहित सर्किल के सभी थानों की पुलिस ने पहुंचकर अवैध कब्जे को हटवाकर पुरुषोत्तम को कब्जा दिलवाया। इस संबंध में एसडीएम मंगलेश दुबे ने बताया कि भूमि की पैमाइश कराने और फाट होने के बावजूद विपक्षी विकास मिश्रा की ओर से पुरूषोत्तम को कब्जा नहीं लेने दिया जा रहा था। कई बार शांति पूर्ण ढ़ग से कब्जा दिलाने का प्रयास किया गया। लेकिन विपक्षी बवाल मचाने लगे रहे थे, जिसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस फोर्स के मौजूदगी में पुरूषोत्तम को कब्जा दिलवा दिया गया।