सिकरारा। जौनपुर-रायबरेली राजमार्ग पर सोमवार को देर शाम टैंकर की चपेट में आने से बाइक सवार एक ही गांव के तीन युवकों की मौत हो गई। जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को मॉर्च्यूरी भेज दिया। उधर टैंकर चालक घटना के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया।
क्षेत्र के अलीशाहपुर गांव के राज बहादुर बिंद (28) इसी गांव के रवि बिंद (18) और सूरज बिंद (16) कैटरिंग का कार्य करते थे। सोमवार को तीनाें एक ही बाइक से मछलीशहर की ओर से घर वापस लौट रहे थे। शाम करीब छह बजे वे आनापुर मोड़ के पास पहुंचे थे कि सामने से आ रहे टैंकर की चपेट में आ गए। इससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। किसी ने थाने पर फोन किया तो थानाध्यक्ष आशुतोष गुप्त फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। रवि बिंद के भाई उमेश ने बताया कि सूरज अपने मां-बाप का इकलौता बेटा था। उसकी एक छोटी बहन आरती है, जिसकी अभी शादी नहीं हुई है। इस बाबत थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के मोबाइल से उनके घर फोन कर सूचना दे दी गई है। टैंकर के रजिस्ट्रेशन नंबर से उसके मालिक का पता किया लगाया जा रहा है।