चंदवक। चंदवक-औड़िहार मार्ग पर कृष्णा नगर बाजार के पास बुधवार की दोपहर को तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक भाग गया। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। दुधवा गांव निवासी असलम खान, अरबाज खान, और मोहम्मद कैफ बाइक से किसी काम के सिलसिले में चंदवक की ओर जा रहे थे। कृष्णा नगर बाजार के पास पहुंचते ही उनकी बाइक की ट्रैक्टर से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। तीनों के पैर में चोट आई है। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से भाग गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घटना की सूचना एंबुलेंस को दी। कुछ देर में पहुंची एंबुलेंस से तीनों घायलों को उपचार के लिए बीरीबारी अस्पताल भेजा गया। जहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिली है, लेकिन अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।