जौनपुर। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान प्राथमिक विद्यालय कथरीपुर मुंगराबादशाहपुर में तीन शिक्षक अनुपस्थित मिले। दो का वेतन रोक दिया गया। खंड शिक्षा अधिकारी मुंगराबादशाहपुर ने बताया कि भाग संख्या 370 और 371 की समीक्षा के समय सुबह 11:48 बजे विद्यालय में केवल शिक्षामित्र गगन सिंह ही उपस्थित मिले। जांच में पता चला कि प्रभारी प्रधानाध्यापक गिरजाशंकर यादव 21 नवंबर से और सहायक अध्यापक विवेक कुमार सिंह 20 से 21 नवंबर तक बिना किसी सूचना एवं अनुमति के अनुपस्थित मिले। सहायक अध्यापक अक्षय कुमार सिंह पांच दिवसीय प्रशिक्षण के लिए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान पर तैनात किया गया है। वे सुबह 11 बजे तक डायट परिसर में उपस्थित नहीं मिले। इससे प्रशिक्षण कार्यक्रम पर भी प्रश्नचिह्न लगा। गंभीर लापरवाही को देखते हुए खंड शिक्षा अधिकारी ने गिरजाशंकर यादव और विवेक कुमार सिंह का एक दिन का वेतन तत्काल प्रभाव से अवरुद्ध कर दिया। अक्षय कुमार सिंह को प्रशिक्षण उपस्थिति का साक्ष्य प्रस्तुत करने का आदेश जारी किया गया है। संबंधित शिक्षकों को निर्देश दिया गया कि 26 नवंबर तक साक्ष्य सहित अपना स्पष्टीकरण कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं। स्पष्टीकरण नहीं मिलने की स्थिति में अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित है।