केराकत के देवकली में विद्युत विभाग के ठेकेदार पर दिनदहाड़े फायरिंग करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
केराकत (जौनपुर)। कोतवाली क्षेत्र के देवकली गांव में टाइल्स लगाने और मजदूरी के विवाद में हुई सनसनीखेज फायरिंग मामले का पुलिस ने पटाक्षेप कर दिया है। पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने वारदात में शामिल तीन मुख्य आरोपियों- कृष्ण यादव उर्फ गोलू, प्रद्युम्न यादव और प्रदीप सिंह को पचवर रेलवे अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए बदमाशों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और वह अवैध पिस्टल भी बरामद कर ली गई है, जिससे बिजली ठेकेदार उदय प्रताप यादव पर जानलेवा हमला किया गया था। सोमवार दोपहर मामूली विवाद के बाद चार बाइकों पर सवार होकर आए छह बदमाशों ने फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी थी। ठेकेदार इस हमले में सुरक्षित बच गए थे। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने चार अलग-अलग टीमें गठित की थीं। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की गई। कोतवाल अरविंद सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में अन्य साथियों के नाम भी सामने आए हैं। फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। इस मामले में शामिल किसी भी दोषी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।