जौनपुर। बिना सूचना के ड्यूटी पर लंबे समय तक गैरहाजिर रहने पर पुलिस अधीक्षक ने तीन पुलिसकर्मियों को बर्खास्त कर दिया है। इसमें नेवढ़िया थाने का कुक और मुंगराबादशाहपुर थाने का फॉलोवर भी शामिल हैं। तीनों पुलिसकर्मियों पर पहले भी लापरवाही पर कार्रवाई हो चुकी है।
आजमगढ़ जिले में तैनात आरक्षी हरीश कुमार को एक जुलाई 2019 को तबादले के बाद आजमगढ़ से जौनपुर के लिए रवाना किया गया था। वह अनधिकृत रूप से 216 दिनों तक ड्यूटी करने आया ही नहीं। एक फरवरी को वह नई तैनाती स्थल पर उपस्थित हुआ तो मामले की जांच बैठा दी गई। सीओ सदर नृपेंद्र ने जांच में पाया गया कि वह जानबूझकर 216 दिनों तक अनुपस्थित रहा।
नेवढ़िया थाने में कुक के पद पर तैनात धनंजय उपाध्याय को पूर्व की एक जांच के मामले में बयान दर्ज कराने पांच फरवरी को थाने से पुलिस लाइंस भेजा गया था, मगर वह न तो पुलिस लाइंस पहुंचा और न ही थाने में आमद कराई। इस पर उसे निलंबित किया गया था। 104 दिन बाद धनंजय ने पुलिस लाइंस में आमद करायी। मुंगराबादशाहपुर थाने के फॉलोवर मोहम्मद आमीन को वर्ष 2019 से ही ड्यूटी पर लगातार अनुपस्थित है। उसकी ओर से न तो छुट्टी ली गई और न ही कोई सूचना उपलब्ध कराई गई। एसपी अशोक कुमार ने बताया कि जांच में तीनों के विरुद्ध आरोप प्रमाणित हुए हैं। इनका यह आचरण कदाचार की श्रेणी में आता है। लिहाजा तीनों को बर्खास्त कर दिया गया है।