दो सड़क हादसों में महिला समेत तीन घायल
मछलीशहर/बदलापुर। दो थाना क्षेत्रों में अलग-अलग हुए सड़क हादसों में महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। जिन्हें स्वास्थ्य केंद्रों पर उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मछलीशहर : नेता नगर के समीप बृहस्पतिवार को हार्वेस्टर गाड़ी के अचानक ब्रेक लगा देने से बाइक चला रहा युवक व पीछे बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। कृपाशंकर नगर मोहल्ला निवासी माधुरी (50) पत्नी रामकुमार अपने सहयोगी कमलेश पटेल (32) निवासी बोडेपुर के साथ बाइक से ग्राम सेमरहों में एक शैक्षिक संस्था द्वारा आयोजित बैठक में हिस्सा लेने गई थीं। लौटते समय दोनों हादसे का शिकार हो गए। बदलापुर : कोतवाली क्षेत्र के फत्तूपुर गांव के पास फोरलेन पर बृहस्पतिवार को अज्ञात वाहन के धक्के से बाइक सवार प्रतापगढ़ के थाना आसपुर देवसरा के हरीकापुर निवासी रविंद्र कुमार घायल हो गया। लोगों ने उसे सीएचसी पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।