शाहगंज। आजमगढ़ मार्ग स्थित हुसैनगंज मोहल्ले में स्थित दुकान में बैटरी चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने तीन बाल अपचारियों को पकड़ा है। उनके पास से 17 नई व पुरानी बैटरियों के अलावा एक ई-रिक्शा बरामद किया गया है।
हुसैनगंज मोहल्ले में राधेश्याम की दुकान है। बीते एक अक्तूबर की रात चोर दुकान का ताला तोड़कर उसमें रखी बाइक, कार व ट्रैक्टर की नई बैटरियों समेत करीब दो लाख रुपये मूल्य के सामान उठा ले गए थे। सुबह जब दुकान का ताला टूटा दिखा तो राधेश्याम सन्न रह गए। उन्होंने थाने में चोरी की घटना की तहरीर दी। पुलिस ने बीते सोमवार को मुकदमा दर्ज किया। प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि तीन संदिग्ध ई-रिक्शा से चोरी का सामान लेकर आजमगढ़ की ओर जा रहे हैं। इसके बाद आजमगढ़ रोड स्थित बार्डर पर पहुंची और घेरेबंदी कर ई-रिक्शा को रोक लिया गया। तलाशी के दौरान ई-रिक्शा पर कई बैटरियां मिलीं। पूछताछ में तीनों ने चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तीनों बाल अपचारी हैं। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 17 नई व पुरानी बैटरियां और वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद किया गया।