मल्हनी। सरायख्वाजा थाना पुलिस ने शादी कराने का झांसा देकर लोगों को बुलाकर लूटपाट और धोखाधड़ी करने वाले तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच हजार रुपये नकद और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से कई केस दर्ज हैं। प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर काजीबाजार चौराहे के समीप से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 29 अप्रैल को हरियाणा निवासी सुभाषचंद्र को शादी कराने का झांसा देकर ग्राम कोहड़ा मठ के पास बुलाया गया था। वहां तीनों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और 80 हजार रुपये नकद व पोको कंपनी का मोबाइल फोन लूट लिया। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे इसी तरह लोगों को शादी का झांसा देकर बुलाते और लूटपाट करते थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जयकिशन निवासी पुरुषोत्तमपुर थाना लाइन बाजार, देवेन्द्र कुमार गौतम उर्फ रिशभ निवासी हमजापुर थाना सरायख्वाजा और सचिन निवासी जासोपुर थाना सरायख्वाजा के रूप में की है। तीनों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।