मुंगराबादशाहपुर। पुलिस ने रविवार की रात को उकनी में घेराबंदी करके तीन शातिर पशु तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से एक अवैध तमंचा, कारतूस, देसी बम, दो वाहन, चार मोबाइल व नकदी बरामद हुआ।
थानाध्यक्ष संतोष कुमार पाठक मय हमराह पुलिस के साथ क्षेत्र भ्रमण पर थे। सूचना मिली कि उकनी में कुछ संदिग्ध व्यक्ति खड़े हैं। थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक राजेंद्र प्रसाद, हेड कांस्टेबल दिनेश सरोज, कांस्टेबल अजय राव, पंकज मिश्र, मुन्ना चौहान, धीरज मौर्य के साथ ग्राम सभा उकनी में निर्मित कूड़ा करकट भवन पहुंचे और कुछ दूरी पर स्थित परती खेत से घेराबंदी करके तीन शातिर पशु तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। चेकिंग करने पर इन लोगों के पास से एक देसी तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस, चार देसी बम, दो वाहन जिनमें एक पिकअप, एक कार, चार मोबाइल के साथ ही 3100 रुपये नकद बरामद हुआ। पूछताछ में इन्होंने अपना नाम कन्हैया राम निवासी थाना चोलापुर, वाराणसी, अंकित पटेल ग्राम भौहर थाना चोलापुर व राहुल सोनकर निवासी ग्राम गोला चोलापुर वाराणसी बताया। विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कल्तीनों को जेल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष संतोष कुमार पाठक ने बताया कि पकड़े गए तीनों पशु तस्कर वाराणसी के हैं। इनके विरुद्ध पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। ये संरक्षित पशुओं को चोरी कर बिहार, बंगाल में बेचते हैं। आज भी ये लोग इसी इरादे से पशुओं की चोरी के लिए आए थे।