सुरेरी। सुल्तानपुर भदखिन मार्ग पर बीते बृहस्पतिवार की शाम सराफा व्यापारी से लूट में पुलिस ने तीन अज्ञात का मुकदमा दर्ज किया। इसमें इस्तेमाल हुई बाइक बरामद कर फोरेंसिक टीम से जांच कराकर लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें लगा दी गई हैं। पुलिस जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार करने का दवा कर रही है।
रामपुर थाना क्षेत्र के गोपालापुर गांव निवासी अनिल सेठ की सुरेरी थाना क्षेत्र के भदखिन भट्ठा पर ज्वेलरी की दुकान है। प्रतिदिन की तरह बृहस्पतिवार की शाम अनिल अपनी दुकान बंद करके घर के लिए निकला था। जैसे ही वह सुल्तानपुर भदखिन मार्ग के मोलनापुर के समीप पहुंचा था कि पीछे की तरफ से तीन अज्ञात बाइक सवार ओवरटेक कर अनिल सेठ के आंख में मिर्च का पाउडर झोंककर व असलहे के बट से प्रहार कर उसकी बाइक लूटकर फरार हो गए। जिसकी बाइक के डिग्गी से 18 हजार नकदी व 200 ग्राम चांदी था। सूचना पर सुरेरी पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्जकर लुटेरों के गिरफ्तारी में जुटी हुई है। शुक्रवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि लूटी गई बाइक घटनास्थल से करीब एक किमी दूर बासुपुर ग्राम पंचायत में लावारिस पड़ी हुई है। सूचना पर फौरन सुरेरी पुलिस मौके पर पहुंचकर उच्चाधिकारी व फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई।
लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए पांच अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही लुटेरे पुलिस की गिरफ्त में होंगे। पीड़ित की तहरीर पर लूट का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।- उमाशंकर सिंह, क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं।