थाना क्षेत्र के घनश्यामपुर बाजार में प्रयागराज-शाहगंज मार्ग पर तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से बृहस्पतिवार को दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके अलावा पुलिस डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश कर रही है। बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगाया था।
बदलापुर क्षेत्र के ग्राम दुगौलीखुर्द निवासी महेंद्र नाई समारोहों में खाना बनाने का काम करते हैं। ग्राम दुगौली तियरा गांव में बुधवार की रात आयोजित त्रयोदशाह कार्यक्रम में खाना बनाने के लिए नीता केवट (45) पत्नी मुन्ना लाल केवट निवासी बैजारामपुर थाना सरायख्वाजा और शांति केवट (55) पत्नी राम सिंगार केवट निवासी पिलकिछा थाना खुटहन बतौर मजदूर आई थीं। कार्यक्रम खत्म होने के बाद बृहस्पतिवार को सुबह करीब सात बजे महेंद्र शर्मा के पुत्र राजू (20) महिला मजदूरों को पिलकिछा छोड़ने के लिए बाइक पर बैठा कर जा रहे थे। वह घनश्यामपुर बाजार में तिराहे के पास पहुंचे थे, इसी बीच पीछे से आ रही तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आ गए। इस हादसे में बाइक पर सवार तीनों लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को प्राइवेट वाहन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बदलापुर पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने राजू तथा नीता देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि शांति देवी की हालत गंभीर देखते हुए डाक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान शांति (55) की भी मौत हो गई। इस संबंध में बदलापुर के प्रभारी थानाध्यक्ष पवन कुमार उपाध्याय का कहना है कि घटना के बाद डंपर चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है। आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।