जौनपुर। सिकरारा, खेतासराय और लाइनबाजार थाने की पुलिस ने अलग अलग स्थानों से कुल 24.3 किलो गांजा और एक तमंचा व कारतूस के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
बरईपार: भीलमपुर चौकी प्रभारी चांदपुर नहर पुलिया के पास वाहनों की चेकिंग के दौरान सिर पर बोरा लेकर जा रहे एक संदिग्ध को रोका। उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से एक तमंचा और कारतूस मिला। बोरे में 22 किलो 200 ग्राम गांजा मिला, जिसकी कीमत 2.25 लाख बताई गई है। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया राकेश उर्फ नाटे निवासी सिरसी थाना सिकरारा अंतर्जनपदीय गांजा तस्कर है। उसके खिलाफ आजमगढ़ में भी मुकदमे दर्ज हैं। वह कंदरपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और 25 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर पुलिस ने जेल भेज दिया। उधर, खेतासराय थाने की पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 1.2 किलो गाजा के साथ मुस्तफाबाद निवासी शाहिद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। लाइनबाजार थाने की पुलिस ने 900 ग्राम गांजा के साथ सपन कुमार निवासी आसमानपट्टी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।