खुटहन। थाना क्षेत्र के लवायन गांव में बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने नकदी, जेवरात समेत डेढ़ लाख का सामान गायब कर दिया। घटना की जानकारी परिवार को घर लौटने पर सोमवार को हुई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। उधर, बरईपार में चोरों ने प्राथमिक विद्यालय का ताला तोड़कर हजारों का सामान उड़ा दिया। लवायन गांव निवासी संगीता पत्नी अरविंद का आरोप है कि वह अपनी बीमार सास के इलाज के लिए जिले के एक चिकित्सालय में थी। घर पर किसी के न होने के कारण ताला बंद था। सोमवार को वह वापस आई तो घर के भीतर कमरे का ताला टूटा था। अंदर रखा एक क्विंटल चावल, गेहूं, दो गैस सिलेंडर, बक्से में रखा बीस हजार नकद, सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। चावल के दाने पड़ोस के एक घर तक बिखरे हुए थे। एसओ जगदीश कुशवाहा ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। उधर, मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सहिजदपुर में चोरों ने ताला तोड़कर विद्यालय में लगा पंखा, वायर, सबमर्सिबल पंप का स्टार्टर, एसएसबी बॉक्स, खेलकूद का सामान आदि उठा ले गए। सोमवार की सुबह प्रधानाध्यापक भानु प्रताप शुक्ल जब विद्यालय पहुचे तो ताला टूटा हुआ था। उन्होंने पुलिस को सूचना दी है।