रामनगर। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के परेवां गांव में मंगलवार की रात घर में घुसे चोरों ने परिवार के सदस्यों को बेहोश कर लाखों का माल उड़ा दिया। चोर नकदी-जेवरात समेत अन्य सामान ले गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। भाऊपुर चौकी से कुछ दूरी पर परेवां ग्राम सभा में चोर सलाउद्दीन के घर में घुस गए। परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। चोरों ने उन पर नशीला पदार्थ छिड़क दिया। इसके बाद इत्मीनान से चोरी की। सात दिसंबर को सलाउद्दीन के घर में शादी है। इसके लिए पर्याप्त मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण खरीदकर रखे गए थे। चोर सब सामान समेतट ले गए। नशीले पदार्थ के प्रभाव से सुबह देर तक घरवाले सोते रहे। जब उनकी नींद खुली तो कमरों का हाल देख सन्न रह गए। सलाउद्दीन के मुताबिक करीब 60 हजार नकदी समेत दो लाख की चोरी हुई है। इस संदर्भ में जब चौकी इंचार्ज रामजी सैनी का कहना था कि मामला संज्ञान में है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।