शाहगंज। कोतवाली क्षेत्र के बीबीगंज बाजार में चोरों ने शिक्षक के बंद पड़े मकान का ताला तोडकर नगदी, जेवरात व कीमती सामान पार कर दिया। शनिवार की सुबह घर पहुंचे पीड़ित ने दरवाजे का टूटा ताला देख दंग रह गए। घटना की तहरीर कोतवाली पुलिस को दे दी है। आजमगढ़ जनपद के लालगंज थानान्तर्गत मेहनाजपुर गांव निवासी गंगा प्रसाद विश्वनाथ इंटर कॉलेज कलान में संस्कृत के प्रवक्ता हैं। जो बीबीगंज बाजार में अपना मकान बनाकर परिवार के साथ रहते हैं। कोरोना महामारी में लॉकडाउन से विद्यालय बंद होने पर वह के साथ गाँव चले गए थे। शनिवार की सुबह वह घर पहुंचे तो मकान का टूटा ताला और अंदर बिखरे सामान देखकर दंग रह गए। कमरे के अंदर आलमारी व बाक्श को तोड़कर चोरों ने जेवरात, एक लाख रुपये नगदी सहित एलईडी टीवी सहित कीमती सामान पार कर दिया। भुक्तभोगी के मुताबिक चोरों ने करीब आठ लाख का सामान उठा ले गए। सूचना पर पहुंची बीबीगंज चौकी पुलिस मामले की जांच में जुटी है।