कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक शनिवार को 10 नए संक्रमित लोग मिले हैं। इस तरह संक्रमित मरीजों की संख्या 30 से बढ़कर 40 पहुंच गई है। वहीं, बयालसी महाविद्यालय जलालपुर के एक शिक्षक की कोविड रिपोर्ट पाजटिव आने से खलबली मच गई है।
बयालसी महाविद्यालय जलालपुर के दो शिक्षकों ने बृहस्पतिवार को कोविड जांच करवाई थी। शुक्रवार को एक शिक्षक की रिपोर्ट पॉजिटव आ गई। जबकि दूसरे शिक्षक की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसकी जानकारी देने के लिए स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर की टीम महाविद्यालय पहुंची। उन्होंने महाविद्यालय के शिक्षकों समेत करीब 40 लोगों का आरटीपीसीआर जांच के लिए नमूना लिया। इसकी रिपोर्ट अभी नहीं आई है। प्राचार्य आनंद शंकर चौधरी ने बताया कि कोरना से संक्रमित हुए शिक्षक होम आइसोलेशन पर चले गए हैं। शुक्रवार और शनिवार को पूरे महाविद्यालय परिसर को सेनेटेराईज कराया गया है। एहतियात के तौर पर महाविद्यालय मे छात्र-छात्राओं के लिए अवकाश घोषित कर दिया गया है। सिर्फ शिक्षक व स्टाफ महाविद्यालय मे आएंगे। वहीं, स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक शनिवार को इसके अलावा दस नये केस सामने आए हैं, जिसमें मुंगराबादशाहपुर क्षेत्र से सर्वाधिक तीन केस सामने आए है। इसके अलावा, शहर, मछलीशहर, धर्मापुर, डोभी, शाहगंज से एक-एक लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। वहां, बीएचयू वाराणसी में तैनात एक स्वास्थ्य कर्मी भी कोरोना पाजिटिव पाया गया है, जिसकी रिपोर्टिंग जौनपुर में हुई है। आंकड़ों के मुताबिक 10 संक्रमित लोगों में तीन लोग बाहर हैं।
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में कोरोना को लेकर कुल सचिव महेंद्र कुमार की तरफ से गाइडलाइन जारी की गई है। उन्होंने बताया की कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए सभी कर्मचारी व अधिकारीगण को बताया गया है कि सभी लोग मास्क और सैनिटाइजर का प्रयोग करके ही विद्यालय परिसर में आएंगे। विश्वविद्यालय में भी किसी प्रकार की अन्य कोविड सुविधाएं प्रशासन के द्वारा नहीं की गई है। आगे अगर इसका प्रकोप और भी बढ़ता है तो रोस्टर सुविधा पर भी विचार किया जाएगा। छात्रों के लिए भी अभी भी ऑफलाइन कक्षाएं चलती रहेंगी, जबतक कोई नई गाइडलाइन नहीं आ जाती है।
जनपद में टीकाकरण का दौर तेजी से चल रहा है। शनिवार को भी इसके लिए 80 केंद्रों पर टीकाकरण का कार्य किया गया। इस दौरान कुल 47 हजार 357 लोगों ने कोरोना का टीका लगवाया।