शहर में पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं है। वाहन सड़क पर जहां-तहां बेतरतीब खड़े रहते हैं। इससे आए दिन जाम लगता है। आम लोगों के साथ व्यापारियों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए कुछ दिनों पहले नगर पालिका की ओर से किए गए प्रयास सफल नहीं हो पाए। शहर में प्रतिदिन 50 हजार लोगों और 10 हजार से अधिक वाहनों का आवागमन होता है।
आजमगढ़ आंबेडकरनगर, गाजीपुर की सीमाओं से और जिले के मछलीशहर शाहगंज, केराकत, मड़ियाहूं बदलापुर से लोग खरीदारी और इलाज कराने जौनपुर शहर पहुंचते हैं। पार्किंग स्थल न हाेने से जहां-तहां चार पहिया और दो पहिया वाहन खड़े कर दिए जाते हैं, जो जाम का कारण बन रहे हैं। नगर पालिका प्रशासन की ओर से वर्ष 2016 में सद्भावना पुल के बगल में गोमती नदी के किनारे पार्किंग के लिए स्थल चिह्नित किया गया था। यहां कुछ प्रयास किए गए थे, लेकिन फिर मामला जस का तस हो गया।
शहर में कहीं भी पार्किंग की मुकम्मल व्यवस्था न होने से लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। ओलंदगंज हो, जेसीज चौराहा या कोतवाली हर जगह आए दिन जाम लगता है। आलम यह है कि शहर में जगह-जगह सड़कों की पटरियों पर आधे में दुकानदार अपनी दुकानें लगाते हैं और आधे में लोग वाहन खड़ा कर देते हैं। ऐसे में शाम को अक्सर जाम लगता है। यातायात पुलिस किसी तरह जाम हटवाती है। बीच-बीच में सड़क पर दुकान लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होती है, लेकिन सार्थक परिणाम सामने नहीं आता।
परिवहन कार्यालय के मुताबिक शहर में कुल 489407 वाहन पंजीकृत हैं। इनमें 438097 मोटरसाइकिल एवं स्कूटी, 39384 कार और 11926 बड़े वाहन शामिल हैं। इनके अलावा रोजाना करीब 10 हजार बाहरी वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में इन्हें खड़ा करना बड़ी समस्या है।
शहर में स्थित पॉलीटेक्निक चौराहे पर जाम की समस्या देखते हुए यातायात विभाग की ओर से यू-टर्न व्यवस्था लागू की गई। इससे चौराहा तो जाममुक्त हो गया, लेकिन टर्न के पहले ही अवैध कट से शॉर्टकट लेने के चक्कर में जाम लग रहा है। इस समस्या का भी समाधान करने की जरूरत है।
-
...
वर्जन
शहर में पार्किंग व्यवस्था के लिए नईगंज के समीप मुरादगंज में जगह चिह्नित कर लिया गया है। जल्द ही वहां पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। शहर के अंदर प्रर्याप्त जगह नहीं मिलने से पार्किंग की व्यवस्था नहीं हो सकी है।
- पवन कुमार, ईओ नगर पालिका जौनपुर