तीसरे चरण के मतदान में पहली बार मत देने वालों में गजब का उत्साह रहा। नई नवेली दुल्हनें भी अपने मताधिकार का प्रयोग करने से पीछे नहीं रही। वोट देने के लिए मतदाताओं का हुजुम पूर्वाह्न 10 बजे के बाद पहुंचने लगा।
यह सिलसिला मतदान समाप्त होने तक चलता रहा। वहीं, पांच ब्लाकों में 7053 प्रत्याशियों का भाग्य शनिवार को मतपेटी में बंद हो गया।
मालूम हो कि तीसरे चरण के पांच ब्लाक मडिय़ाहूं, रामपुर, रामनगर, बरसठी व सिकरारा में 7053 प्रत्याशियों मैदान में रहे। जिसमें 453 प्रधान पद के लिए 3783 प्रत्याशी और 5585 सदस्य पद के लिए 3270 प्रत्याशी मैदान में रहे।
इन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला शनिवार को मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर किया। इस दौरान सात लाख 65हजार 556 मतदाताओं के सापेक्ष 66.41प्रतिशत वोटरों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान पहली बार मतदाता बने लोगों में गजब का उत्साह देखने को मिला।
मताधिकार का प्रयोग करने के बाद उनके चेहरे पर खुशी बिखरी हुई थी। वहीं नई नवेली दुल्हन भी वोट देकर अपने को गौरवान्वित महसूस कर रही थीं।
पुरुषों के साथ ही महिलाओं की भी लंबी कतारें सुबह से लेकर शाम तक रही। इस दोरान नौजवान मतदान को लेकर खासे उत्साहित रहे।